लातेहार
डीसी के जन शिकायत निवारण में आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की

लातेहार। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी संदीप कुमार की अध्यक्षता में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण का आयोजन किया गया. जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र से आए लोगों ने अपनी अपनी समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा. जन शिकायत निवारण के दौरान उपायुक्त ने वहां उपस्थित सभी लोगों से एक–एक कर उनकी समस्याएँ सुनी एवं अश्वासन दिया कि उनके सभी शिकायतों की जल्द से जल्द जाँच कराते हुए शिकायतों का समाधान किया जाएगा.
मनिका प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत जान्हो की निवासी सविता कुंवर ने उपायुक्त के समक्ष आवेदन देकर आवास योजना के अंतर्गत आवास दिलाने की मांग की. उन्होंने बताया कि आंधी-तूफान के कारण उनका खपड़ैल मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गया है, जिसके कारण उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने आवास योजना के तहत सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया. उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवेदन की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि जरूरतमंद एवं पात्र लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है. आज के जन शिकायत निवारण में कुल 14 आवेदन आये जो विभिन्न विभागों से संबंधी थे. जन शिकायत में सभी शिकायतकर्ता की समस्याएँ को सुनने के पश्चात उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को अग्रसारित कर सभी आवेदनों का भौतिक सत्यापन करते हुए समस्याओं का समाधान जल्द से जल्द करने का निर्देश दिया. बता दें कि उपायुक्त के निर्देशानुसार आमजनों की समस्याओं के समाधान और शिकायत के निष्पादन हेतु जिला, अनुमंडल, प्रखंड स्तरीय के सभी पदाधिकारियों के कार्यालय में प्रत्येक मंगलवार एंव शुक्रवार को जन शिकायत निवारण का आयोजन किया जाता है.



