महुआडांड़ (लातेहार)। थाना क्षेत्र के ग्राम अंबवाटोली में सोमवार सुबह बिजली की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई. मृतका की पहचान फिलीसीता बेगं पति इग्नासियुस कुजूर के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, फिलीसीता बेगं अपने घर के बाहर कपड़ा सुखाने का कार्य कर रही थीं. इसी दौरान अचानक बिजली के संपर्क में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं. घटना के तुरंत बाद परिजन एवं आसपास के लोग उन्हें बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक उनकी स्थिति गंभीर हो चुकी थी और मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. इधर, घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव के लोग भी इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं तथा परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं.