तीन करोड़ रुपए से 20 डिसमिल भूमि मे बन रहा है श्री सूर्य मंदिर
लातेहार। जिला मुख्यालय के रेलवे स्टेशन रोड में चटनाही स्थित औरंगा नदी छठ घाट में श्री सूर्यनारायण पूजा समिति के द्वारा एक विशाल एवं भव्य सूर्य मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है. श्री सूर्य नारायण पूजा समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि कुल तीन करोड़ रुपए की लागत से इस मंदिर का निर्माण कराया जाएगा. उन्होंने बताया इस कार्य में स्थानीय लोगों का अपार सहयोग समिति को मिल रहा है. उन्होंने बताया कि 20 मई को शहर के गुरुद्वारा रोड के विजेंद्र दास उर्फ बिट्टू दास ने अपने स्वर्गीय पिता मनोज कुमार दास के नाम से 11 हजार रुपए की सहयोग राशि मंदिर निर्माण के लिए प्रदान की है. उन्होंने भविष्य में भी इससे बढ़ कर आर्थिक सहयोग करने की बात कही है. श्री सिंह ने मंदिर निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग करने पर श्री दास एवं उनके परिजनों को धन्यवाद दिया है. अध्यक्ष श्री सिंह ने बताया कि कुल तीन करोड़ रूपये की लागत से 20 डिसमिल भूमि में मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है. मंदिर निर्माण के लिए 17 डिसमिल भूमि सावित्री कुंवर के पुत्र महेंद्र सिंह, सुरेंद्र प्रसाद सिंह और धमेंद्र सिंह ने दान में दी है. जबकि तीन डिसमिल भूमि पार्वती कुंवर और स्व. हरकेश यादव के वंशजों ने दान की है. सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मंदिर के नीचे हॉल बनेगा. ऊपरी तल्ले में सात गुंबद होंगे. सबसे बड़े गुंबद की ऊंचाई 81 फीट होगी. उन्होंने मंदिर निर्माण में बढ़ चढ़ कर आर्थिक सहयोग करने की अपील नगर वासियों से की है. कहा कि बिना सामूहिक भागीदारी के कोई भी बड़ा और सार्वजनिक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सकता है.