लातेहार
निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समय पर पूरा करें: डीसी

लातेहार। उपायुक्त संदीप कुमार ने बुधवार को मनिका प्रखंड का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया. उपायुक्त ने मनिका डिग्री कॉलेज के समीप निर्माणाधीन फोर लेन सड़क परियोजना की जानकारी संबंधित अधिकारियों एवं कार्य एजेंसी से प्राप्त की. उन्होंने कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित समय सीमा के अनुरूप कार्य संपादन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. इसके बाद उपायुक्त ने मनिका प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेख संधारण एवं आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को जनहित से जुड़े कार्यों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मनिका का भी जायजा लिया. उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए कार्य एजेंसी को गुणवत्तापूर्ण एवं ससमय कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण नहीं होने पर संबंधित एजेंसी एवं जिम्मेदार पदाधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. इसके अलावा उपायुक्त ने मनिका प्रखंड के ग्राम पटना स्थित मलय पुल के जीर्णोद्धार कार्य का भी निरीक्षण किया. उन्होंने पुल निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने एवं कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया.निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, गोपनीय पदाधिकारी श्रेयांस,जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चन्दन, मनिका प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी के अलावा संबंधित विभागों के पदाधिकारी, अभियंता एवं कार्य एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे.



