लातेहार। गुरूवार को मनिका विधायक रामचंद्र सिंह ने रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से गुरूवार को मुलाकात की. मुख्यमंत्री के आमंत्रण पर रांची पहुंचे विधायक रामचंद्र सिंह को मुख्यमंत्री द्वारा शॉल भेंट कर सम्मानित किया. मुलाकात के दौरान विधायक रामचंद्र सिंह ने क्षेत्र के कई जनहित एवं विकास से जुड़े मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा. उन्होंने बरवाडीह को अनुमंडल बनाने, छिपादोहर को प्रखंड का दर्जा देने, पर्यटन को बढ़ावा देने, शिक्षा के क्षेत्र में विकास कार्यों को तेज करने तथा लातेहार में मेडिकल कॉलेज खोलने की मांग की. इसके अलावा विधायक ने टाइगर प्रोजेक्ट के कारण प्रभावित विकास कार्यों के लिए अलग से विशेष पैकेज उपलब्ध कराने की भी मांग मुख्यमंत्री से की. विधायक रामचंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री को बेतला एवं नेतरहाट भ्रमण के लिए आमंत्रित भी किया. मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया.