लातेहार। पुलिस ने सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है. गांजा की बाजार मूल्य तकरीबन 15 लाख रूपये आंकी गयी है. पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को मिली गुप्त सूचना पर पुलिस ने जिले के चंदवा थाना क्षेत्र में एनएच-39 में देवनद नदी के पास एक लाइन होटल के समीप खड़ी ट्रक ( आरजे-30 जी-बी 1311) से उक्त गांजा बरामद किया है. सूचना मिली थी कि संदिग्ध अवस्था में एक ट्रक होटल के समीप खड़ी है. सूचना की सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए चंदवा थाना प्रभारी अशोक कुमार सदल बल मौक पहुंचे. उस ट्रक की तलाशी लेन पर पुलिस को तकरीबन एक क्विंटल गांजा बरामद हुआ. सभी गांजा 75 पैकेट में बंद कर ट्रक में छुपाये गये थे. पुलिस ने गांजा को बरामद कर लिया. थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस जांच में जुट गयी है. ट्रक को जब्त कर लिया गया है. पुलिस ट्रक के मालिक की छानबीन कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है गांजा कहां से कहां ले जाया जा रहा था और इसे गोरखधंधे में कौन-कौन लोग शामिल हैं. हालांकि उन्होने स्पष्ट किया कि इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. लावारिश पड़े ट्रक में इस प्रकार भारी मात्रा में गांजा बरामद होने से आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप है.