लातेहार। उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में उपायुक्त ने अवैध खनन, परिवहन व भंडारण की रोकथाम के लिए पूर्व के बैठक में लिए गए निर्देशों के आलोक में हुए कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया. इस दौरान जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि एक अप्रैल से अब तक अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध 79 निरीक्षण किए गए हैं. इनमें 84 वाहनों को जब्त कर आठ प्राथमिकी दर्ज की गई है और सात लाख 50 हजार रुपए जुर्माना राशि की वसूली की गई. उपायुक्त ने जिला अंतर्गत अवैध खनन भंडारण एवं परिवहन रोकने को लेकर संबंधित पदाधिकारियों , थाना प्रभारियों को संयुक्त रूप से औचक छापेमारी करने एवं इसमें संलग्न व्यक्तियों पर कारवाई करने का निर्देश दिया एवं अनियमितता पाए जाने पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई करने की बात कही गई. बैठक के दौरान जिला खनन पदाधिकारी द्वारा जिले में संचालित कोयला एवं ग्रेफाइट खनन पट्टों की स्थिति की जानकारी दी गई. बताया गया कि जिले में कोयला खनन के कुल चार पट्टे हैं, जिनमें तीन संचालित एवं एक बंद है. वहीं ग्रेफाइट का एक खनन पट्टा वर्तमान में बंद है. इसके अतिरिक्त लघु खनिज पत्थर खनन पट्टों की समीक्षा में बताया गया कि जिले में कुल 18 खनन पट्टे हैं, जिनमें आठ संचालित एवं 10 अस्थायी रूप से बंद हैं. बैठक में खनिज अनुज्ञप्तियों एवं क्रशर संचालन की स्थिति पर भी चर्चा हुई. बताया गया कि जिले में कुल 39 अनुज्ञप्तियां व क्रशर संचालित हैं. इनमें से 21 कार्यरत एवं 18 अस्थायी रूप से बंद हैं. बैठक में पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को उनके क्षेत्र में एक भी वाहन से अवैध खनन नहीं होने देना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी अजय कुमार रजक व बिपिन कुमार दुबे, जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल, जिला खनन पदाधिकारी नदीम सफी, कोल कंपनियों के अधिकारी ,प्रतिनिधि आदि मौजूद थे.