पर्यटन स्थलों पर मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश
लातेहार।मशहूर पर्यटन स्थल नेतरहाट में नागरिक सुविधाएं बहाल करने के लिए उपायुक्त संदीप कुमार ने पहल शुरू की है. रविवार को उपायुक्त ने नेतरहाट क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के क्रम में उन्होंने नेतरहाट स्थित पशु चिकित्सालय एवं प्रस्तावित नए बस स्टैंड हेतु चिन्हित भूमि का जायजा लिया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भूमि की उपलब्धता, पहुंच मार्ग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की. उपायुक्त ने अधिकारियों को आमजन एवं पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि नेतरहाट जिले का महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल है, इसलिए यहां आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ होना आवश्यक है. उपायुक्त ने विभिन्न पर्यटन स्थलों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं जैसे पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा एवं पर्यटकों के लिए अन्य सुविधाओं की जानकारी ली. उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे.