लातेहार। राजद युवा प्रकोष्ठ के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष रंजन यादव ने कहा कि इतिहास गवाह है जब-जब युवा जगता है देश और समाज में परिवर्तन आता है. उन्होंने कहा कि युवाओं में परिवर्तन करने की शक्ति होती है. श्री यादव ने प्रधानमंत्री का नाम लिए बिना आगे कहा कि आज देश का राजा तानाशाह हो गया है. प्रधानमंत्री देश की समस्याओं से हटा कर रील बनाने और चॉकलेट बांटने में व्यस्त है. युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है. युवाओं का भविष्य आज अंधकार में जा रहा है. इन सब मुद्दों को ले कर युवाओं को जगाने के लिए राजद ने युवा चौपाल यात्रा की शुरुआत की है. श्री लातेहार में युवा राजद के तत्वावधान में आयोजित युवा संवाद चौपाल को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने आगे कहा कि युवा संवाद चौपाल यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि यह विचार, संघर्ष और सामाजिक परिवर्तन के निरंतर प्रक्रिया है. उन्होंने कहा कि यह यात्रा सत्ता की राजनीतिक नहीं बल्कि समाज के उस आखिरी व्यक्ति के हक और सम्मान के लिए किया जा रहा है जिसे सदियों से दबाया गया और अनदेखा किया गया. कार्यक्रम को प्रदेश महासचिव सूरज यादव ने भी संबोधित किया और केंद्र सरकार पर देश के युवाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया. इससे पहले युवा राजद जिला अध्यक्ष दीपक यादव ने प्रदेश अध्यक्ष श्री यादव को बुके भेंट कर सम्मानित किया. मौके पर प्रदेश महासचिव कमलेश यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष क्षितिज मिश्रा, प्रदेश सचिव रंजीत यादव, जिला महासचिव मोहर सिंह यादव, जिला उपाध्यक्ष भोला सिंह, संतोष यादव, मजदूर प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष मनोज यादव, कोषाध्यक्ष सुरेश राम समेत काफी संख्या में राजद के नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे.