लातेहार
उपायुक्त के पहल पर पहली बार चौकीदारों की सेवा संपुष्टि की प्रक्रिया शुरू, 55 को मिली स्वीकृति

जिला प्रशासन की इस पहल से चौकीदारों में खुशी का माहौल
चौकीदार प्रशासनिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं: उपायुक्त
लातेहार। उपायुक्त संदीप कुमार की पहल पर जिले के चौकीदारों की लंबे समय से लंबित सेवा संपुष्टि की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. लातेहार जिला बनने के बाद पहली बार जिले के चौकीदारों की सेवा संपुष्टि का मामला निर्णायक चरण में पहुंचा है. प्रशासनिक स्तर पर की गई समीक्षा के बाद कुल 76 चौकीदारों के मामलों पर विचार किया गया. इन 76 में से 55 चौकीदारों की सेवा संपुष्टि को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है. जानकारी के अनुसार शेष 21 मामलों में सेवा अभिलेखों एवं अन्य दस्तावेजों में त्रुटियां पाई गई हैं. इन त्रुटियों के सुधार के बाद उनकी सेवा संपुष्टि की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी. लंबे समय से सेवा संपुष्टि नहीं होने के कारण चौकीदारों को विभिन्न प्रशासनिक एवं सेवा संबंधी लाभ प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था. जिला प्रशासन की इस पहल से चौकीदारों में खुशी का माहौल है. सेवा संपुष्टि होने से उन्हें सेवा सुरक्षा के साथ-साथ भविष्य में मिलने वाले विभिन्न सरकारी लाभों का मार्ग भी प्रशस्त होगा. उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को शेष मामलों में आवश्यक सुधार कर जल्द प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है. उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि चौकीदार प्रशासनिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं. वर्षों से लंबित उनकी सेवा संपुष्टि की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है. 76 मामलों में से 55 की सेवा संपुष्टि स्वीकृत की गई है. जबकि शेष मामलों में अभिलेखीय त्रुटियों के सुधार के बाद कार्रवाई की जाएगी. हमारा प्रयास है कि सभी पात्र कर्मियों को समय पर उनका वैधानिक अधिकार मिले
.



