लातेहार। सोमवार की रात दो बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत हो गयी. जबकि एक अन्य घायल हो गया. घायल का सदर अस्पताल, लातेहार में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है. यहां से उसे रिम्स रेफर कर दिया गया है. जबकि मंगलवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया. जानकारी के अनुसार जिले के छिपादोहर थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर में सोमवार की रात दो बाइकों की सीधी टक्कर हो गयी. इसमें थाना क्षेत्र के गणेशपुर पंचायत के 18 वर्षीय राम लोहरा की मौत हो गयी. जबकि एक 15 वर्षीय शंभू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि जब राम लोहरा को लातेहार रेफर किया गया तो अस्पताल में कोई एंबुलेंस नहीं था. 108 एंबुलेंस को फोन भी किया गया लेकिन एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंच पाया. इस कारण उसे एक ऑटो से लातेहार ले जाया जा रहा था. लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी. परिजनों ने कहा कि अगर समय पर एंबुलेंस मिलता तो शायद उसकी जान बच जाती.