लातेहार
नीति आयोग के मानकों का पालन करना आवश्यक: डीडीसी

लातेहार। उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में नीति आयोग के सूचकांकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई. बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने नीति आयोग के सूचकांकों के अंतर्गत स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कृषि, पेयजल, स्वच्छता, वित्तीय समावेशन, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक सुरक्षा सहित अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में जिले के प्रदर्शन का आकलन किया. उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों में प्रगति लाने तथा लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उप विकास आयुक्त ने कहा कि नीति आयोग के सूचकांक जिले के समग्र विकास के महत्वपूर्ण मानक हैं. इन सूचकांकों में बेहतर प्रदर्शन से न केवल जिले की रैंकिंग में सुधार होगा, बल्कि आम नागरिकों तक सरकारी योजनाओं का प्रभावी लाभ भी पहुंच सकेगा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभाग से संबंधित सूचकांकों की वर्तमान स्थिति एवं उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की गई. समीक्षा के क्रम में जिन क्षेत्रों में अपेक्षित प्रगति नहीं पाई गई, वहां सुधारात्मक कदम उठाने का निर्देश दिया गया. उप विकास आयुक्त ने सभी विभागों को नियमित रूप से आंकड़ों का अद्यतन करने, योजनाओं की जमीनी स्तर पर निगरानी बढ़ाने तथा लाभुकों तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया. बैठक में सिविल सर्जन डॉ राजमोहन खलखो, जिला नियोजन पदाधिकारी संतोष कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सविता कुमारी, जिला कृषि पदाधिकारी नेहा निश्च, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक गौतम कुमार साहू, जिला योजना पदाधिकारी समीर कुल्लू समेत अन्य संबंधित उपस्थित थे.



