लातेहार व्यवहार न्यायालय में कर्मियों के लिए अग्निशमन प्रशिक्षण का आयोजन
लातेहार। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शेषनाथ मार्गदर्शन में व्यवहार न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन तैयारियों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आग बुझाने का व्यवहारिक प्रदर्शन (डेमो) किया गया. इसके तहत व्यवहार न्यायालय के तृतीय एवं चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों के लिए फायर एक्स्टिंग्विशर (अग्निशमन यंत्र) से आग बुझाने का प्रशिक्षण दिया गया. इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शेषनाथ सिंह अपने संदेश में कहा कि न्यायालय परिसर की सुरक्षा और यहां कार्यरत प्रत्येक कर्मी व आने वाले आगंतुकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि आग जैसी आकस्मिक आपदाएं बिना किसी पूर्व चेतावनी के आती हैं. ऐसे में केवल उपकरणों का होना काफी नहीं है, बल्कि प्रत्येक कर्मचारी को उनका सही उपयोग आना चाहिए. यह प्रशिक्षण हमारे कर्मियों को संकट के समय सजग, निडर और आत्मनिर्भर बनाएगा. श्री सिंह ने सभी कर्मियों को इस ज्ञान को व्यावहारिक रूप में अपनाने और परिसर को सुरक्षित रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा दी. मौके पर जिला अधिवक्ता संघ के सचिव संजय कुमार, बासुदेव पांडेय के अलावा अन्य अधिवक्ता व व्यवहार न्यायालय केे कर्मी मौजूद थे.