लातेहार। सीआईसी सेक्शन के बरवाडीह- बरकाकाना रेलखंड के छिपादोहर थाना क्षेत्र के करिमाटी केड गांव निवासी 18 वर्षीय युवक रिंकेश भुइयां पिता अखिलेश भुइयां गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया. रेलवे लाइन पार करने के दौरान वह मालगाड़ी की चपेट में आ गया, जिससे उसका बांया पैर और दाहिना हाथ पूरी तरह कट गया. घटना अप रेल लाइन के रेलवे पोल संख्या 249/10 के समीप हुई. स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. अमित कुमार सिंह ने प्राथमिक उपचार किया. इलाज में ड्रेसर कुंदन कुमार एवं एएनएम निशा कुमारी, भावना कुमारी ने सहयोग किया. युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर रेफर कर दिया. इधर घटना की सूचना मिलने के बाद आरपीएफ इंस्पेक्टर राजेश मीणा के नेतृत्व में आरपीएफ टीम मामले की जांच में जुट गई है.टीम में सब इंस्पेक्टर आरके मिंज, सब इंस्पेक्टर बीपी सिंह, हेड कॉन्स्टेबल जेके मीणा एवं कॉन्स्टेबल रामभरोसी मीणा शामिल हैं. आरपीएफ टीम घटना के कारणों की पड़ताल कर रही है.