लातेहार: भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष वंशी यादव के नेतृत्व में 25 जून को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने लातेहार के मांजर गांव पहुंचे. इस दौरान भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने आपातकाल (1975-77) के दौरान लोकतंत्र की रक्षा हेतु जेल की यातनाएं सहने वाले लोकतंत्र सेनानी सुरेश सिंह और मन बहाल सिंह के घर जाकर उन्हें सम्मानित किया. आपातकाल के कड़वे अनुभवों को किया साझा करते हुए सुरेश सिंह और मन बहाल सिंह ने बताया कि किस प्रकार तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने अपनी सत्ता बचाने के लिए देश में आपातकाल थोपकर लोकतंत्र का गला घोंटने का प्रयास किया था. उन्होंने जेल में बंद रहने के दौरान झेली गई अमानवीय परिस्थितियों और यातनाओं को याद करते हुए बताया कि उस समय विरोध की आवाज उठाने वालों को किस तरह प्रताड़ित किया गया था. जिला अध्यक्ष वंशी यादव ने कहा कि आज हमें जो अभिव्यक्ति की आजादी मिली है, वह उन लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष और त्याग की देन है, जिन्होंने तानाशाही के विरुद्ध लड़ाई लड़ी. उन्होंने उनके घर जाकर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की और उन्हें सम्मानित किया. इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष राकेश दुबे, वरिष्ठ भाजपा नेता गणेश प्रसाद, जिला महामंत्री छोटू राजा और ध्रुव कुमार पांडे मुख्य रूप से उपस्थित थे.सभी नेताओं ने उनके स्वास्थ्य और कुशलक्षेम की कामना की.