लातेहार। भारतीय किसान संघ, झारखंड प्रदेश के तत्वावधान में जिला मुख्यालय के धर्मपुर में किसान सम्मेलन सह संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया. मौके पर बतौर मुख्य अतिथि अखिल भारतीय राष्ट्रीय अध्यक्ष के. साई रेड्डी मौजूद थे. कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया. मौके पर प्रदेश अध्यक्ष जय कुमार सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को अंग वस्त्र व हल भेंट कर सम्मानित किया. राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ध्वजारोहन किया.
इस मौके पर बोलते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री रेड्डी ने कहा कि वर्तमान में पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण की नीति किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है. एथेनॉल गन्ने सहित विभिन्न कृषि फसलों से तैयार किया जाता है, जिससे किसानों की उपज की मांग बढ़ेगी और उन्हें बेहतर आर्थिक लाभ प्राप्त होगा. उन्होंने कहा कि अमेरिका, जर्मनी, जापान सहित अनेक देशों में एथेनॉल मिश्रित ईंधन का सफलतापूर्वक उपयोग किया जा रहा है तथा इससे वाहनों के इंजन पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता. उन्होने कहा कि जा एथेनॉल का विरोध करते हैं वे किसान विरोधी हैं. श्री रेड्डी ने कहा कि किसानों को उत्पादन लागत का लाभकारी मूल्य मिलना चाहिए. उन्होंने किसानों की उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य को प्रभावी रूप से सुनिश्चित करने की मांग झारखंड सरकार से की.
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश मंत्री राम पांडेय व धन्यवाद ज्ञापन प्रांत प्रचार प्रमुख प्रकाश सिंह ने किया. कार्यक्रम में सह-प्रचार प्रमुख आनंद शाही व दीपक, महामंत्री सतीश जी, प्रांत संगठन मंत्री हेमराज, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य प्रंशात खाख, लातेहार जिला अध्यक्ष राजेश सिंह जी, जिला मंत्री बबन कुमार मांझी आदि मौजूद थे.