लातेहर। भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय ने विभिन्न मंत्रालयों की परामर्शदात्री समितियों के लिए राज्यसभा सदस्यों के नामांकन की अधिसूचना जारी की है. 15 सितंबर को जारी अधिसूचना के अनुसार झारखंड से राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम को इस्पात मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति का सदस्य नामित किया गया है. मंत्रालय की ओर से जारी सूची में सांसद बैद्यनाथ राम के अलावा राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बाराइक को रेल मंत्रालय, सुखदेव सेखर राय को वित्त मंत्रालय, सुष्मिता देव को पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय तथा संजय कुमार झा को वित्त मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति के लिए नामित किया गया है. सांसद बैद्यनाथ राम को इस्पात मंत्रालय की समिति में शामिल किए जाने से झारखंड के लिए भी इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है. झारखंड खनिज एवं इस्पात उद्योग के क्षेत्र में महत्वपूर्ण स्थान रखता है, ऐसे में समिति के माध्यम से राज्य से जुड़े इस्पात एवं औद्योगिक विकास के विषयों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का अवसर मिलेगा. झारखंड एवं लातेहार वासियों ने वैद्यनाथ राम को इसके लिए शुभकामनाएं दी है.