लातेहार। उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय एनसीओआरडी समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के 100 मीटर की परिधि में मादक पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने हेतु नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया. अवैध मादक पदार्थों की बिक्री एवं कारोबार की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया. स्वास्थ्य विभाग को नशीली दवाओं के दुरुपयोग के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. इसके तहत नुक्कड़ नाटक, पोस्टर, बैनर एवं अन्य प्रचार माध्यमों का उपयोग करते हुए लोगों को जागरूक करने पर बल दिया गया. उपायुक्त ने प्रिस्क्रिप्शन आधारित दवाओं, विशेषकर ट्रामाडोल जैसी दवाओं की बिक्री एवं उपयोग की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया. औषधि निरीक्षक एवं संबंधित पदाधिकारियों को मेडिकल दुकानों का निरीक्षण कर नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया.
बैठक में अवैध शराब के कारोबार पर भी चर्चा की गई. उत्पाद विभाग को राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार छापेमारी एवं निगरानी अभियान चलाने तथा अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. कृषि विभाग द्वारा नशीले पदार्थों की खेती की संभावना वाले क्षेत्रों में किसानों को वैकल्पिक फसलों की खेती के लिए प्रेरित करने तथा बीज वितरण एवं प्रशिक्षण के माध्यम से सहायता प्रदान करने की जानकारी दी गई. बैठक में मादक पदार्थों के अवैध उत्पादन, व्यापार एवं तस्करी की सूचना देने वाले व्यक्तियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार नीति के तहत व्यापक प्रचार-प्रसार करने का भी निर्देश दिया गया. बैठक में पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव, वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रवेश अग्रवाल, सिविल सर्जन डॉ राजमोहन खलखो, जिला खनन पदाधिकारी नदिम सफी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन आदि मौजूद थे.