बरवाडीह (लातेहार)। पंचमुखी शिव मंदिर इलाके में नाली निर्माण नहीं होने के कारण स्थानीय घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर बह रहा है. दूषित पानी और गंदगी के बीच लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है. मंदिर में प्रतिदिन पूजा-अर्चना करने वाले श्रद्धालुओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह के समय सड़क पर नाली का गंदा पानी जमा रहने के कारण घर से निकलकर मंदिर तक पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है. लोगों को मजबूरी में गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है. सावन जैसे पवित्र महीने में धार्मिक स्थल के आसपास ऐसी स्थिति के कारण पूजा अर्चना तक नहीं कर सके. स्थानीय श्रद्धालुओं ने कहा कि आने वाले दिनों में रक्षाबंधन, दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व जैसे महत्वपूर्ण पर्व हैं. इन अवसरों पर मंदिर और आसपास श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ेगी. ऐसे में यदि नाली की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है. लोगों ने आरोप लगाया कि नाली निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रखंड प्रशासन से कई बार गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल स्थल का निरीक्षण कर नाली निर्माण कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थल के आसपास स्वच्छता और जल निकासी की व्यवस्था होना बेहद जरूरी है. आखिर कब तक स्थानीय लोग गंदगी और दूषित पानी के बीच रहने को मजबूर रहेंगे.