
महुआडांड़ (लातेहार)। नेतरहाट थाना क्षेत्र के जामटोली गांव में एक पति ने अपनी पत्नी की डंडे से पीट पीट कर हत्या कर दी. मृतका की पहचान किरण देवी 38 वर्ष के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति शंकर बड़ाइक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है. ग्रामीणों के अनुसार, शंकर बड़ाइक शराब का अत्यधिक सेवन करता था और पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. बताया जाता है कि घटना के दिन किरण देवी स्थानीय सुदामा के होटल में काम करने के बाद शाम को घर लौटी थी. इसी दौरान पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. विवाद बढ़ने पर शंकर ने कथित रूप से डंडे से किरण देवी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. बताया गया कि घायल अवस्था में किरण रात भर घर में पड़ी रही. समय पर उपचार नहीं मिलने के कारण उसकी मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के ग्रामीणों ने इसकी सूचना नेतरहाट थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजन अधिकारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया. थाना प्रभारी ने बताया की त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति शंकर बड़ाइक को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. ग्रामीणों ने बताया कि शंकर बड़ाइक की दो शादियां हुई थीं.



