लातेहार। संवेदक संघ, लातेहार का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को स्थानीय परिषदन में चतरा सांसद कालीचरण सिंह से मुलाकात की. संघ के अध्यक्ष राजन तिवारी के नेतृत्व में संवेदकों ने सांसद को एक ज्ञापन सौंप कर संवेदकों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया. अध्यक्ष राजन तिवारी ने कहा कि लातेहार जिले के संवेदक वर्तमान में विषम परिस्थितियों से गुजर रहे हैं. उन्होने कहा कि विभिन्न विभागों में भुगतान लंबित रहने के कारण संवेदकों के समक्ष भीषण आर्थिक संकट हो गया है. काम पूरा होने के बावजूद भी संवेदकों का भुगतान महीनों से लंबित है. विभिन्न प्रक्रियागत समस्याओं और भ्रष्ट व्यवस्था के कारण छोटे-बड़े संवेदक आर्थिक संकट एवं कर्ज के बोझ में दबते जा रहे हैं. जिला संवेदक संघ की प्रमुख मांगों में स्थानीय संवेदकों को प्राथमिकता देते हुए तत्कालीन उपायुक्त गरिमा सिंह द्वारा जारी पत्रांक-906, दिनांक 29.08.2024 के आदेश को सख्ती से लागू करना, डीएमफटी की 10 प्रतिशत कटी राशि का भुगतान, सीएसआर एवं एसीए मद में लंबित करोड़ों रुपये का भुगतान, बाहरी व्यक्ति का जिला परिषद में किया गया निबंधन रद्द करना, जिला परिषद एवं एनआरएपी की निविदा ऑफलाइन कराने तथा नई रॉयल्टी चालान नीति को वापस लेने की मांग शामिल है. संघ ने आरोप लगाया कि रॉयल्टी चालान की नई व्यवस्था के कारण ग्रामीण कार्य, भवन प्रमंडल एवं जिला परिषद की कई योजनाओं का भुगतान महीनों से लंबित है. सांसद ने संवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि वे पूरे मामले की जानकारी उपायुक्त से लेगें. उन्होने संवेदकों की समस्याओं का समाधान कराने का भरोसा दिया. मौके पर संवेदक पवन कुमार, आनंद सिंह, विष्णुदेव प्रसाद गुप्ता, रविकांंत पासवान, रंजन प्रसाद आदि मौजूद थे.