महुआडांड़ (लातेहार)। महुआडांड़ पंचायत भवन इन दिनों जर्जर स्थिति में है. बरसात के मौसम में भवन की खराब स्थिति के कारण पंचायत कर्मियों के साथ-साथ ग्रामीणों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. भवन की छत से बारिश का पानी लगातार टपकने के कारण अंदर पानी जमा हो जाता है, जिससे जरूरी काम के लिए पंचायत भवन पहुंचने वाले लोगों को परेशानी होती है. ग्रामीणों के अनुसार पंचायत भवन लंबे समय से जर्जर अवस्था में है. भवन की छत एवं अन्य हिस्सों की स्थिति ऐसी हो गई है कि बारिश के दौरान पानी अंदर आने लगता है. कई जगहों पर पानी जमा होने से फर्श भी खराब हो रहा है. बरसात के दिनों में पंचायत भवन के अंदर बैठकर पंचायत संबंधी कार्य करना भी मुश्किल हो जाता है.
हादसे की बनी रहती है आशंका
जर्जर पंचायत भवन को लेकर ग्रामीणों में भय का माहौल है. भवन की स्थिति देखकर अधिकतर ग्रामीण अंदर जाने से भी कतराते हैं.ग्रामीणों का कहना है कि भवन की हालत को देखते हुए कभी भी कोई अप्रिय घटना हो सकती है. यदि समय रहते भवन की मरम्मत नहीं कराई गई तो बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो गई है. पंचायत भवन ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण सरकारी केंद्र है, जहां विभिन्न पंचायत स्तरीय कार्यों के लिए ग्रामीणों का आना-जाना होता है. ऐसे में भवन की जर्जर स्थिति ग्रामीणों की सुरक्षा के साथ-साथ सरकारी कार्यों के संचालन के लिए भी चिंता का विषय है.
ग्रामीणों ने की मरम्मत अथवा नए भवन की मांग
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं प्रशासन से पंचायत भवन का शीघ्र निरीक्षण कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि भवन मरम्मत योग्य है तो तत्काल इसकी मरम्मत कराई जाए और यदि भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है तो नए पंचायत भवन के निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए. ग्रामीणों ने बरसात को देखते हुए भवन की सुरक्षा व्यवस्था का तत्काल जायजा लेने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले आवश्यक कदम उठाया जा सके.