लातेहार। जिले के चंदवा प्रखंड के चकला पंचायत के पुराना टोली में सोमवार की देर रात हाथियों के झुंड ने बंधन मुंडा के घर पर हमला कर दिया. हाथियों के हमले से उनका घर पूरी तरह ध्वस्त हो गया. घटना के दौरान बंधन मुंडा और उनकी पत्नी घर में सो रहे थे. अचानक हाथियों की आहट और घर पर हमले से दोनों की नींद खुल गई और किसी तरह घर से बाहर निकलकर भागे, जिससे उनकी जान बच सकी. हाथियों ने घर को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ आसपास के खेतों में लगी मक्का की फसल को भी रौंदकर बर्बाद कर दिया. घटना के बाद परिवार के सामने रहने और खाने-पीने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है. बंधन मुंडा ने बताया कि घटना की सूचना वन विभाग को दी गई, लेकिन अब तक विभाग की ओर से मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा नहीं लिया गया है. उन्होंने वन विभाग से तत्काल स्थल निरीक्षण कर नुकसान का आकलन कराने और मुआवजा दिलाने की मांग की है. युवा आजसू नेता मनोज तुरी ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि वन विभाग को तत्काल पीड़ित परिवार की मदद करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि बंधन मुंडा के पास रहने के लिए यही एकमात्र आवास था. बरसात के मौसम में घर ध्वस्त होने के कारण परिवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने वन विभाग से जल्द से जल्द उचित मुआवजा देने तथा हाथियों के उत्पात से ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है.