धनकारा में फार्म-7 को लेकर ग्रामीणों में मचा हड़कंप, कांग्रेस ने उठाया मामला, अधिकारियों ने जांच का दिया भरोसा
लातेहार।मनिका विधानसभा क्षेत्र के धनकारा गांव में मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए दिए गए फार्म-7 को लेकर मंगलवार को राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई. लातेहार जिला कांग्रेस मीडिया प्रभारी पंकज तिवारी ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों से पूरे मामले की जानकारी ली. ग्रामीणों ने श्री तिवारी को बताया कि भाजपा के बीएलए-2 द्वारा एक ही समुदाय के लोगों के नाम से बड़ी संख्या में फार्म-7 भरकर जमा किए गए हैं. श्री तिवारी ने इसे गंभीर मामला बताया और इसकी जांच कराने की मांग उपायुक्त से की. बता दें कि फार्म-7 मतदाता सूची से नाम काटने के लिए आवेदन है. करीब 140 फार्म-7 बीएलओ रुमाना बीबी को दिए जाने की जानकारी सामने आई है. मंगलवार को उपायुक्त के निर्देश पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज तिवारी, अंचल अधिकारी नंदकुमार राम समेत अन्य पदाधिकारी भी धनकारा पहुंचे. अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर सात सितंबर को सामने आए मामले की विस्तृत जानकारी ली. अधिकारियों ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया. ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जांच के दौरान किसी भी मतदाता का नाम बिना उचित प्रक्रिया के मतदाता सूची से नहीं काटा जाएगा. अधिकारियों ने मतदाताओं से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपनी आपत्ति अथवा दावा प्रस्तुत करने की अपील की. मौके पर लातेहार जिला कांग्रेस सचिव वाजिद अंसारी, पंचायत कांग्रेस अध्यक्ष इमरान अंसारी, मुमताज अंसारी, मोहम्मद तौफीक अंसारी, तबरेज अंसारी, शाहिद अंसारी, नईम अंसारी, एनामुल अंसारी समेत बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण मौजूद रहे.