महुआडांड़ (लातेहार)। दुर्गा पूजा के मद्देनज़र शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से एसडीएम सुलेमान मुंडरी, डीएसपी पूजा कुमारी के नेतृत्व फ्लैग मार्च निकाला गया। यह मार्च थाना से शुरू हुआ और ,शहीद चौक शास्त्री चौक, गांधी चौक, डीपाटोली, रामपूर, बिरसा चौक, समेत कई प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल और विशेष सुरक्षा दस्तों ने हिस्सा लिया। फ्लैग मार्च का उद्देश्य केवल सुरक्षा का प्रदर्शन नहीं था। बल्कि इसके माध्यम से प्रशासन ने समाज को एकता, भाईचारे और धार्मिक सहिष्णुता का मजबूत संदेश देने की कोशिश की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा प्रेम, शक्ति और संस्कृति का पर्व है, जो सभी धर्मों और समुदायों के बीच सौहार्द बढ़ाने का अवसर भी लेकर आता है।प्रशासन ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर किसी ने भी माहौल बिगाड़ने या सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान लोगों से भी अपील की गई कि वे शांति बनाए रखें, अफवाहों से दूर रहें और त्योहार को एकजुट होकर मनाएं। दुर्गा पूजा को देखते हुए पूरे शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी और कंट्रोल रूम को एक्टिव मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी असामाजिक तत्व की गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। प्रशासन ने इस अवसर पर कहा कि दुर्गा पूजा न केवल देवी के शक्ति रूप की आराधना है, बल्कि यह सामाजिक एकता, प्रेम और मानवता का भी उत्सव है। ऐसे में हर नागरिक की जिम्मेदारी बनती है कि वह सौहार्द बनाए रखे, कानून का पालन करे और त्योहार को गरिमा के साथ मनाए। मौके पर थाना प्रभारी अमित कुमार, पुअनि इन्द्रदेव राजवार, सहित कई अन्य पुलिस कमी उपस्थित थे।