लातेहार। शारदीय नवरात्र एवं दुर्गा पूजा को लेकर नगर पंचायत लातेहार की ओर से तैयारियों को लेकर लगातार निरीक्षण किया जा रहा है. इसी क्रम में 18 अक्टूबर को नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव रंजन ने शहर के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. कार्यपालक पदाधिकारी ने नवरंग चौक स्थित पूजा पंडाल, रेलवे स्टेशन पंडाल एवं बाजारटांड़- डुरूआ पंडाल का निरीक्षण किया. इस दौरान पूजा पंडालों में साफ-सफाई समेत श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई. इसके अलावा दुर्गा पूजा के बाद होने वाले विसर्जन को लेकर की जा रही तैयारियों का भी निरीक्षण किया गया. टीम ने डुरूआ स्थित तालाब एवं एसबीआई के सामने स्थित तालाब का जायजा लिया. कार्यपालक पदाधिकारी ने संबंधित कर्मियों को विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए बैरिकेडिंग, पर्याप्त रोशनी के लिए लाइट, जनरेटर तथा गोताखोरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने कहा कि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रहे, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी की जाएं. निरीक्षण के दौरान नगर प्रबंधक राज कुमार वर्मा, रेवेन्यू इंस्पेक्टर पिंटू कुमार, कनीय अभियंता अमीत कुमार, फील्ड सुपरवाइजर रंधीर कपूर समेंत नगर पंचायत के अन्य कर्मी मौजूद थे.