लातेहार। सदर प्रखंड के नावागढ़ पंचायत मुखिया प्रवेश उरांव ने जिला प्रशासन के द्वारा उनके पंचायत में खोले गये ज्ञान केंद्र का लाभ उठाने की अपील ग्रामीणों से की है. बता दें कि शुक्रवार को मुखिया श्री उरांव ने नावागढ़ पंचायत में ज्ञान केंद्र का फीता काट कर उदघाटन किया.
उन्होने बताया कि स्वतंत्रता सेनानी शहीद नीलांबर पीतांबर के शहादत दिवस के अवसर पर लातेहार जिले के 92 पंचायतों में ज्ञान केंद्र का शुभारंभ किया गया। जिसका उद्देश्य पठन-पाठन की प्रवृत्ति को बढ़ावा देना, ग्रामीण आबादी में पढ़ने, स्व-शिक्षा और सीखने की संस्कृति को बढ़ावा देना और क्षमता में सुधार करना, ऑनलाइन शिक्षा के माध्यम से ज्ञान का आदान प्रदान करना, ई-लर्निंग संसाधन के डिजिटल भंडार का रख-रखाव और प्रबंधन करना है।उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता द्वारा प्राप्त निर्देश के आलोक में जिले के सभी पंचायतों में आधुनिक सुविधायुक्त पंचायत पुस्तकालय संचालन की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है। ज्ञान केंद्र पंचायतों के डिजिटलीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जहां शिक्षार्थियों को पठन पाठन का स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है। कार्यक्रम में वार्ड सदस्य अजय, पंचायत सचिव राकेश रोशन कुजूर, पांडु उरांव, उप मुखिया अनीता देवी, उमेश सिंह, लाली उरांव, सुनीता देवी, और वार्ड सदस्य सविता देवी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।