बालूमाथ (लातेहार)। – बालूमाथ प्रखंड अंतर्गत मारंगलोईया में शिव मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर मंगलवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गयी. कलश यात्रा में आसपास के गांवों की महिलाओं ने कलश में जल भर कर गांव का भ्रमण करते हुए रामघाट नदी तक पहुंचीं. कलश यात्रा मारंगलोईया शिव मंदिर से शुरू हुई. पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ घाट पूजा की.
Advertisement
इसके बाद कलश यात्रा जिस मार्ग से गुजरी ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा में शामिल कन्याओं व महिलाओं का अभिनंदन किया. कलश यात्रा के आगे आगे गाजे-बाजे के साथ लातेहार जिला परिषद उपाध्यक्ष अनिता देवी तथा अन्य जनप्रतिनिधि, शिव भक्त व ग्रामीण चल रहे थे. कमेटी के सदस्यों ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के पहले दिन मंगलवार को जहां कलश-यात्रा निकाली गयी. भव्य अनुष्ठान के साथ मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा होगी. मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर गांव में भक्ति का माहौल है. मौके पर उपस्थित जिप उपाध्यक्ष अनीता देवी ने कहा कि कलश यात्रा इस समारोह का अत्यंत महत्वपूर्ण और दिव्य अंग है. यह न केवल एक धार्मिक परंपरा है, बल्कि यह हमारी आस्था, संस्कृति और एकता का प्रतीक भी है.
Advertisement
कलश जल, धातु और मंत्रों से पूजित होता है. ब्रह्मांड की ऊर्जा और देवत्व का प्रतिनिधित्व करता है. जब हम कलश को लेकर यात्रा करते हैं, तो हम केवल एक परंपरा का निर्वाह नहीं करते, बल्कि अपने गांव, अपने समाज और अपने जीवन में शुभता, समृद्धि और शांति के प्रवेश का आह्वान करते हैं. यह यात्रा हमें यह भी याद दिलाती है कि जब हम मिलकर एक उद्देश्य के लिए आगे बढ़ते हैं, तो न केवल मंदिर बनता है, बल्कि समाज भी सशक्त होता है. कलश यात्रा में ग्रामीणों के जिला परिषद सदस्य प्रियंका कुमारी, जिला परिषद सदस्य बरवाडीह संतोषी शेखर, भाजपा मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण कुशवाहा सहित काफी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया.