लातेहार। आजसू पार्टी ने झामुमो समर्थित नगर पंचायत अध्यक्ष पद की प्रत्याशी बिलासी तोपनो को अपना समर्थन दिया है. हालांकि उनका कहना है कि उन्होने झामुमो को अपना समर्थन नहीं दिया है. उन्होने अपना समर्थन बिलासी तोपनो को दिया है. इस आशय की जानकारी आजसू जिला अध्यक्ष अमीत पांडेय ने एक प्रेस वार्ता में दी.
श्री पांडेय ने बताया कि आजसू ने सेलेस्टीन कुजूर को अपना समर्थन दिया था. लेकिन चुनाव प्रचार के दौरान श्री कुजूर की तबीयत बिगड़ गयी और उन्हें रिम्स में भर्ती कराना पड़ा और वे अब इलाज के कारण चुनाव नहीं लड़ सकते हैं. इसलिए पार्टी ने बिलासी तोपनो को अपना समर्थन दिया है. यह पूछे जाने पर कि आजसू और भाजपा एनडीए गठबधन के घटक दल है, ऐसे में भाजपा समर्थित प्रत्याशी को उन्होने समर्थन क्यो नहीं दिया, इस पर उन्होने कहा कि यह चुनाव दलगत नहीं है. बिलासी तोपनो काफी दिनों से राजनीति और समाजसेवा में है. आजसू स्थानीय मुद्दों पर काम करती है और बिलासी तोपनो भी काफी दिनों से स्थानीय मुद्दों को ले कर सक्रिय हैं.