लातेहार
कठिन परिश्रम और अनुशासन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है: डीसी

इंटरमीडिएट टॉपर्स विद्यार्थियों को किया सम्मानित
लातेहार। समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को उपायुक्त संदीप कुमार ने झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया . इस अवसर पर साइंस, कॉमर्स एवं आर्ट्स संकाय के टॉप-थ्री विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया. कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन एवं लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी सफलता को प्राप्त किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि इन विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा एवं मेहनत से न केवल अपने विद्यालय और परिवार बल्कि पूरे जिले का नाम गौरवान्वित किया है.
उपायुक्त ने विद्यार्थियों से भविष्य में भी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने एवं समाज तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया. कॉमर्स संकाय के सम्मानित विद्यार्थी कॉमर्स संकाय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले कुमार अंचल को सम्मानित किया गया. उन्होंने 462 अंक प्राप्त कर 92.40 प्रतिशत अंक अर्जित किए. द्वितीय स्थान पर रोशनी आरा रहीं, जिन्होंने 416 अंक प्राप्त कर 83.20 प्रतिशत अंक हासिल किए. वहीं तृतीय स्थान किशन कुमार ने प्राप्त किया. उन्होंने 415 अंक प्राप्त कर 83 प्रतिशत अंक अर्जित किए. साइंस संकाय में अनंत कुमार ने 471 अंक प्राप्त कर 94.20 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया. द्वितीय स्थान पर एमडी होजैफा रहे, जिन्होंने 462 अंक प्राप्त कर 92.40 प्रतिशत अंक हासिल किए. वहीं आंचल कुमारी ने 460 अंक प्राप्त कर 92 प्रतिशत अंक अर्जित करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया.
आर्ट्स संकाय के सम्मानित विद्यार्थी आर्ट्स संकाय में मनीषा कुमारी ने 443 अंक प्राप्त कर 88.60 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया. रिंकी कुमारी ने 440 अंक प्राप्त कर 88 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान हासिल किया. वहीं कृति अग्रवाल ने 436 अंक प्राप्त कर 87.20 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया. उपायुक्त ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी. उन्होंने अभिभावकों एवं शिक्षकों की भूमिका की भी सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में शिक्षकों और अभिभावकों का महत्वपूर्ण योगदान होता है.
कार्यक्रम में आईटीडीए निदेशक प्रवीण कुमार गगराई, अपर समाहर्ता रामा रविदास, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार अजय कुमार रजक, उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक गौतम कुमार साहू, विद्यालयों के शिक्षक, अभिभावक एवं अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित थे. समारोह के दौरान विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया.



