लातेहार। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लातेहार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शेषनाथ सिंह के निर्देश पर स्थायी लोक अदालत के तत्वावधान में विद्युत प्रमंडल, लातेहार परिसर में लोक सेवाओं से संबंधित मामलों को ले कर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष पन्नालाल ने स्थायी लोक अदालत में मामलों को लाने एवं त्वरित व स्थायी निदान पाने की अपील की. उन्होने कार्यक्रम में विद्युत, बैंक, डाकघर, रेलवे, बीमा, परिवहन व नगर पंचायत से जुड़े लोक सेवा से संबंधित मामलों में बिना वकील की सेवा लिए स्थायी लोक अदालत में आने एवं अपने मामलों का स्थायी निष्पादन पाने की जानकारी दी. कार्यक्रम में स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष पन्नालाल के अलावा कार्यपालक विद्युत अभियंता राजदेव मेहता, स्थायी लोक अदालत के सदस्य शकील अख्तर, सूरज प्रसाद, पेशकार चंदन कुमार, दिलीप मिश्रा व विद्युत कर्मी नीरज कुमार के अलावा काफी संख्या में लोग मौजूद थे.