लातेहार। पिछले मंगलवार को जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के चितरपुर ग्राम में एक बुजुर्ग बिगन उरांव (65) की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी गयी थी. पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया है. बिगन उरांव की हत्या ओझा-गुणी के आरोप में चामू उरांव ( 48) पिता चैता उरांव ने की थी. प्रभारी थाना प्रभारी अमीत कुमार ने इस आशय की जानकारी दी. आरोपी ने इस कांड में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया है कि उसके घर के कई लोगों की असामयिक मौत हो गयी थी. दो से तीन साल के अंतराल में उसके भाई, चाचा, भतीजा, व चचेरा भाई की मौत हो गयी थी. उसे शक है कि बिगन उरांव ने ही ओझा गुणी कर उन्हें मारा है. इस कारण उसने उसकी हत्या कर दी. उसने बताया कि बिगन उरांव अपने घर के पास बैठा था, तभी वह उसके पास गया और कुल्हाड़ी से उसके गर्दन पर वार कर उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद किया है. आरोपी को गिरफ्तार कर मंडल कारा, लातेहार भेज दिया गया है.