लातेहार। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला समाहरणालय, लातेहार में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद द्वारा फीता काटकर किया गया. इस अवसर पर उन्होंने स्वयं रक्तदान कर समाज के लिए एक प्रेरणादायक संदेश दिया. उप विकास आयुक्त ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सबसे श्रेष्ठ माध्यम है. रक्तदान से किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं है, इसलिए जरूरत पड़ने पर केवल मानव द्वारा दिया गया रक्त ही किसी मरीज के लिए जीवनदाता बनता है. उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि सभी स्वस्थ नागरिक स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आएं तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने में अपनी सहभागिता निभाएं. उन्होंने कहा कि रक्तदान करने से किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती, बल्कि यह एक सुरक्षित प्रक्रिया है और इससे अनेक लोगों को नया जीवन मिल सकता है. कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मियों एवं अन्य लोगों ने भी रक्तदान के प्रति अपनी सकारात्मक भागीदारी दिखाई तथा अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया. मौके पर सिविल सर्जन डॉ राजमोहन खलखो, व अन्य उपस्थित थे.