लातेहार। कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों और उन्नत बीज उत्पादन की जानकारी हासिल करने के उद्देश्य से झारखंड के पलामू प्रमंडल और उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के सात बीज विक्रेता सोमवार को उत्तराखंड रवाना हुए. यह चार दिवसीय कृषि विजिटर्स सह प्रशिक्षण कार्यक्रम जेनेक्स कंपनी के तत्वावधान में हरिद्वार, ऋषिकेश और मसूरी में आयोजित किया जा रहा है. प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व लातेहार के कृषि व्यवसायी निर्दोष गुप्ता कर रहे हैं. दल में तुपू गांव निवासी अजीत प्रसाद, छिपादोहर निवासी प्रवीण कुमार, गढ़वा जिले के बड़गड़ निवासी रमेश कुमार एवं विकास प्रसाद के अलावा उत्तर प्रदेश के सोनभद्र निवासी विजय कुशवाहा और नवनीत कुशवाहा शामिल हैं. जानकारी देते हुए निर्दोष गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान प्रतिनिधिमंडल कंपनी के विभिन्न अत्याधुनिक प्लांटों का भ्रमण करेगा, जहां उन्नत बीज, आधुनिक कृषि तकनीक और बेहतर उत्पादन के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी. इसके साथ ही मसूरी में आयोजित विशेष कृषि सेमिनार में भी प्रतिनिधि भाग लेंगे. वहीं कंपनी के झारखंड हेड कृष्णा कुशवाहा तथा सेल्स मैनेजर अनिल कुमार ने बताया कि हरिद्वार और ऋषिकेश स्थित कंपनी प्लांट में प्रतिभागियों को कृषि क्षेत्र की नई तकनीकों, गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन और बेहतर खेती के आधुनिक तरीकों से अवगत कराया जाएगा. मसूरी में आयोजित सेमिनार में कृषि विकास से संबंधित विभिन्न प्रकार की जानकारियां दी जाएगी.