लातेहार। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में जिले के सभी गैस एजेंसी प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई. बैठक का मुख्य उद्देश्य गैस वितरण प्रणाली को पारदर्शी, सुचारू एवं प्रभावी बनाना था. बैठक में उपायुक्त ने सभी गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं को समय पर गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होने वितरण प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बरतने का भी निर्देश दिया. कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या शिकायत पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी. बैठक में विशेष रूप से गैस सिलेंडर डिस्ट्रीब्यूशन, लंबित आपूर्ति तथा होम डिलीवरी व्यवस्था की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने कहा कि उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी की सुविधा पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराई जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. बैठक में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों को निर्देशित किया गया कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें, ताकि आम जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें. बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्रवण राम, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन एवं सभी गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे.