धर्म
महाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, भगवान शिव का किया जलाभिषेक

लातेहार। महाशिवरात्रि के मौके पर शहरी समेंत ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न शिवालयों में हजारों भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया एवं अपने व परिवार के सुख शांति की कामना की. बाजारटांड़ स्थित प्राचीन शिव मंदिर में सुबह चार बजे महारुद्राभिषेक पूजा प्रारंभ हो गयी थी. पंडित मनोज दास शर्मा के सानिध्य में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पूजन किया. इसके बाद मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गयी.
पुलिस बल को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई बार मशक्कत करनी पड़ी. शिवरात्रि के साथ ही बाजारटांड़ मे लगने वाला वार्षिक मेला प्रारंभ हो गया. शहर के सोमेश्वर शिव मंदिर लघु सिंचाई विभाग, जुबली चौक, बिजली आफिस व मंडल कारा स्थित शिव मंदिरों मे काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया. श्रद्धालुओं ने मौके पर भगवान शिव का जलाभिषेक कर बेलपत्र आदि से पूजा अर्चना की. रेलवे स्टेशन क्षेत्र के बाजारटांड़ स्थित श्री सोमेश्वर शिव मंदिर में भी भक्तों ने भगवान शिव को जल अपर्ण किये.



