लातेहार। 21 जून को नीट-यूजी 2026 की परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं कदाचार-मुक्त वातावरण में संपन्न हुई. परीक्षा के लिए लातेहार में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया था. जिले में कुल 178 अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा केंद्र निर्धारित था. जिनमें से 161 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए जबकि 17 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहें. परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की अनियमितता या कदाचार की सूचना नहीं मिली. परीक्षा के सफल संचालन और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए उपायुक्त संदीप कुमार व पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया. उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि नीट जैसे प्रतिष्ठित परीक्षा में पारदर्शिता और निष्पक्षता सर्वोपरि है. जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी के साथ परीक्षा कराई है ताकि अभ्यर्थी बिना किसी दबाव के अपना बेहतर प्रदर्शन कर सकें. परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न होने पर जिला प्रशासन ने केंद्र अधीक्षक, कर्मियों और सुरक्षा बलों के सहयोग की सराहना की. मौके पर अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार दिनेश कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार, कार्यपालक दंडाधिकारी अजय कच्छप व प्राचार्य शैलेद्र प्रताप सिंह सहित अन्य उपस्थित थे.