महुआडांड़ (लातेहार)। उप विकास आयुक्त सैयद रियाज अहमद ने शनिवार को महुआडांड़ बस स्टैंड का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने बस स्टैंड परिसर में संचालित गुमटी दुकानों की स्थिति का जायजा लिया तथा दुकानदारों से किराया व अनुमति से संबंधित जानकारी प्राप्त की. डीडीसी ने दुकानदारों से स्पष्ट रूप से कहा कि बस स्टैंड परिसर में इतनी बड़ी गुमटी लगाने की अनुमति नहीं है. उन्होंने कहा कि छोटे स्तर पर ठेला लगाकर ही व्यवसाय किया जा सकता है, जिससे आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो. निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड की साफ-सफाई, अव्यवस्थित अतिक्रमण एवं यात्रियों की सुविधा को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. डीडीसी ने संबंधित अधिकारियों को जॉच कर नियमों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान डीआरडीए निदेशक प्रभात रंजन चौधरी, प्रखंंडविकास पदाधिकारी संतोष बैठा सहित स्थानीय प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे.