लातेहार। उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में नीति आयोग अंतर्गत आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत संचालित योजनाओं , डीएमएफटी की राशि से जिले में किये जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में सर्वप्रथम नीति आयोग अंतर्गत संचालित आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के सूचकांक प्रगति की समीक्षा की गई. बैठक में जिले के विकास से संबंधित निर्धारित विभिन्न प्रक्षेत्र में स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि-जल संसाधन, कौशल विकास के तहत जिला एवं प्रखंड में हुए कार्य प्रगति की बिदुवार समीक्षा करते हुए निर्देशित किया गया कि नीति आयोग के द्वारा जो निर्धारित मानक है उसे पूरा करना सुनिश्चित करें. बैठक में उपायुक्त को डीएमएफटी के माध्यम से संचालित विकास योजनाओं के भौतिक एवं वित्तीय स्थिति की जानकारी से अवगत कराया गया. समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने कार्य की प्रगति के बारे में विस्तृत जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि प्राक्कलन के अनुरूप गुणवत्तायुक्त कार्य कराना सुनिश्चित करें. उपायुक्त ने डीएमएफटी की राशि से किये जा रहे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर सभी संचालित योजनाओं को तय समयवधि के अंदर पूर्ण करने का निर्देश दिया. बैठक में उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, डीआरडीए निदेशक प्रभात रंजन चौधरी, सिविल सर्जन डॉ राज मोहन खलखो, प्रभारी पदाधिकारी, डीएमएफटी मेरी मड़की, जिला योजना पदाधिकारी समीर कुल्लू, संबंधित विभाग के कार्यपालक अभियंता, सबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.