लातेहा। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा ने लातेहार में पुलिस मुख्यालय के सभागार में जिले के आला पुलिस अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की. बैठक में उन्होंने हाल के दिनों में लातेहार में नक्सल और उग्रवाद के क्षेत्र में हासिल की गई उपलब्धियों के लिये पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव, जिला पुलिस तथा अर्धसैनिक बलों की प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि लातेहार में पुलिस अच्छा काम कर रही है. पुलिस ने कई सफलताएं हासिल की है. उग्रवाद और अपराध नियंत्रण के लिए लातेहार पुलिस ने सराहनीय कार्य किया है.
बैठक में डीजीपी ने संगठित अपराध की रोकथाम के लिए एक रणनीति के तहत कार्य करने की बात कही. नक्सल और उग्रवाद पर अंकुश लगाने के लिए संवेदनशील इलाकों में लगातार छापामारी अभियान चलाने का निर्देश दिया. उसके अलावा उन्होंने महिला सुरक्षा, नशाखोरी एवं विधि-व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक दिशा- निर्देश दिये. इससे पहले स्थानीय परिसदन में उपायुक्त संदीप कुमार और डीआईजी कौशल किशोर और पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने डीजीपी का स्मृति चिन्ह और पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया. इस मौके पर डीएफओ प्रवेश अग्रवाल और उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद के अलावा जिला और पुलिस महकमा के कई अधिकारी मौजूद थे. परिसदन भवन में डीजीपी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया.