लातेहार। नगर पंचायत क्षेत्र के डुरूआ ग्राम स्थित सामुदायिक भवन में बुधवार को लातेहार पुलिस के द्वारा जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस मौके पर पलामू प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक किशोर कौशल व पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना. डीआइजी ने साइबर क्राइम की जानकारी दी. उन्होने अपने बैंक खाता से संबंधित किसी भी प्रकार की गोपनीय जानकारी किसी अनजान लोगों से साझा नहीं करने की अपील की.
उन्होने कहा कि क्षेत्र में जमीन विवाद से जुड़े काफी मामले थाना में आते हैं. इन समस्याओं के समाधान के लिए हर थाना में थाना दिवस का भी आयोजन किया जाता है.
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस आपकी सेवा के लिए सप्ताह के सातो दिन 24 घंटे उपलब्ध है. उन्होने कहा कि जनता और पुलिस के बीच का रिस्ता काफी प्रगाढ़ है. आज समाज मे कहीं भी असमाजिक कार्य होता है तो जनता सबसे पहले पुलिस के पास जाती है. उन्होने कहा कि आम लोगों के सहयोग से ही लातेहार जिला की तसवीर बदली है. आज लातेहार जिला तकरीबन शत प्रतिशत उग्रवाद से मुक्त हो चुका है. जन संवाद कार्यक्रम में काफी संख्या में बिजली बिल की अनियमितता, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ नहीं मिलने आदि के मामले आये. मंच का संचालन पुअनि सह सदर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा ने की मौके पर एसडीपीआ संदीप कुमार गुप्ता, समाजसेवी असीम कुमार बाग, ललित पांडेय, वार्ड पार्षद सब्बू परवीन, मनोज कुमार गुप्ता, जयराम कपूर आदि मौजूद थे.
पुलिस की एक सकारात्मक पहल: ज्ञानचंद पांडेय
पलामू प्रमंडल के वरीय समाजसेवी ज्ञानचंद पांडेय ने कहा कि जन संवाद कार्यक्रम पुलिस की एक सकारात्मक पहल है. उन्होने कहा कि आज डुरूआ क्षेत्र के लिए एक सुखद अवसर है, जब पुलिस विभाग के वरीय अधिकारी आपके द्वार पहुंच कर आपकी समस्याओं को सुन रहे हैं. उन्होने कहा कि इसका समाज पर एक सकारात्मक संदेश जायेगा. उन्होने पुलिस अधिकारियों को इसके लिए साधुवाद दिया.
अवसर का लाभ उठायें: सरयु प्रसाद सिंह
वरीय समाजसेवी सरयु प्रसाद सिंह ने भी कार्यक्रम का लाभ उठाने की अपील ग्रामीणों से की. उन्होने पुलिस महकमा से जुड़ी समस्याओं को जन संवाद कार्यक्रम में रखने की अपील ग्रामीणों से की. कहा कि ऐसे अवसरों का लाभ उठाना चाहिए.