लातेहार। पिछले दिनों उपायुक्त संदीप कुमार ने आदिवासी बालिका छात्रावास, लातेहार का औचक निरीक्षण किया गया था. निरीक्षण के दौरान छात्रावास में छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था एवं साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया गया था. निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने छात्रावास में नियमित रूप से वॉर्डन की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया था. उपायुक्त के निर्देश के आलोक में आदिवासी बालिका छात्रावास, लातेहार में वॉर्डन की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है. जारी आदेश के अनुसार सुखमनी कुमारी, स्नातक प्रशिक्षित शिक्षिका, उत्क्रमित उच्च विद्यालय, मंगरा, बरवाडीह को अपने नियमित कार्यों के अतिरिक्त आदिवासी बालिका छात्रावास, लातेहार में वॉर्डन के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है. उन्हें तत्काल प्रभाव से योगदान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. इसके अतिरिक्त निरीक्षण के दौरान उपायुक्त द्वारा छात्रावास परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने का भी निर्देश दिया गया था. उक्त निर्देश के अनुपालन में नगर पंचायत के माध्यम से छात्रावास परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाकर सफाई कार्य कराया गया.