लातेहार
बस स्टैंड में भारी वाहन खड़ा किया तो लगेगा जुर्माना: डीटीओ

लातेहार। जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल ने शुक्रवार को जिला परिषद बस पड़ाव बालूमाथ का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि बस पड़ाव परिसर में किसी भी हालत में भारी वाहन खड़ा नहीं करें। उन्होंने सभी बसों का संचालन व ठहराव केवल जिला परिषद बस स्टैंड से ही करने का निर्देश दिया. नियम का उल्लंघन करने वालों पर सरकारी प्रावधानों के अनुसार जुर्माना लगाया जाएगा. निरीक्षण के क्रम में मौके पर ही चार भारी वाहनों का ऑनलाइन चालान काटा गया.
वहीं, सड़क पर ही बस चालकों के द्वारा सवारियों को उतारने और चढ़ाने वाले कुल छह बस वाहनों का ऑनलाइन चालान किया गया. बालूमाथ थाना गेट के सामने बगैर हेलमेट परिचालन करने वाले दुपहिया वाहन की जांच की गयी. नियम का उलंघन करने वाले कुल 38 चालकों का ऑनलाइन चालान काटा गया तथा उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए जागरूक किया गया.



