लातेहार। उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता के निर्देश पर जिला खनन विभाग द्वारा अवैध खनन व परिवहन के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है. इसी क्रम में जिला खनन निरीक्षक पद्मलोचन ओहदार ने मनिका-हेरहंज रोड स्थित बिशुनबांध के समीप अवैध कोयला लदे एक हाईवा (जे एच 02 बी टी 2176 ) को जब्त किया. जांच दल को देखते ही कोयला चालक फरार हो गया, वाहन में कोयला परिवहन से संबंधित कोई वैध कागजात नहीं पाया गया. वाहन में लगभग 40 टन कोयला लदा हुआ था. जब्त हाईवा को सुरक्षा की दृष्टि से मटलोंग पिकेट में रखा गया है.=खान निरीक्षक पद्मलोचन ओहदार के द्वारा मनिका थाना में वाहन के मालिक और चालक के ऊपर प्राथमिकी दर्ज किया गया है. जिला खनन पदाधिकारी नदीम शफी ने बताया कि उपायुक्त के निर्देश और गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह की गतिविधियों की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई की जाएगी.