लातेहार। जिले के चंदवा प्रखंड में झारखंड ग्रासरूट्स इनोवेशन इंटर्नशिप योजना का शुभारंभ किया गया. इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिला परिषद उपाध्यक्ष अनिता देवी ने किया. मौके पर बनवारी साहू महाविद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार तिवारी ने जिप उपाध्यक्ष को अंग वस्त्र व बुके भेंट कर सम्मानित किया. मौके पर पंचायत समिति की सदस्य नीलम देवी, मुखिया एवं पंचायत सचिव आरती सक्सेना के अलावा समाजसेवी अंकित तिवारी, वरिष्ठ शिक्षाविद् प्रो शत्रुघ्न मेहता, कार्मिक विभाग में वरिष्ठ पद पर कार्यरत प्रवीण सिंह को भी सम्मानित किया गया. मौके पर संबोधित करते हुए जिप उपाध्यक्ष श्रीमती देवी ने कहा कि झारखंड ग्रासरूट्स इनोवेशन इंटर्नशिप प्रोग्राम छात्रों के लिए एक बेहतर अवसर है. इसका मुख्य उदेश्य छात्रों को ग्रामीण चुनौतियों को समझने और पारंपरिक ज्ञान का दस्तावेजीकरण करने का अवसर देना है. मौके पर प्राचार्य श्री तिवारी ने कहा कि यह लगभग दो महीनों का प्रोग्राम होता है. झारखंड के कॉलेज और विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए झारखंड ग्रासरूट्स इनोवेशन इंटर्नशिप प्रोग्राम चलाया जा रहा है. छात्रों को गांवों के पंचायतों में जाकर वहां की स्थानीय जरूरतों, समस्याओं और ग्रामीण नवाचारों (इनोवेशन) को समझना व दस्तावेजीकरण करना होता है. टीम के चयनति सदस्यों के लिए स्टाइपेंड का भी प्रावधान है. कार्यक्रम के आयोजन में प्रिंस गुप्ता के अलावा बीएस कालेज के इंटर्नशिप प्रोग्राम की दो टीम की सदस्य खुशी, अभिषेक, कृति, नुसरत, सपना, पूजा, सुमन और मधु का सराहनीय योगदान रहा.