लातेहार। डीएवी पब्लिक स्कूल, लातेहार में शैक्षणिक सत्र 2026–27 की शुरुआत वैदिक हवन, यज्ञ एवं मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धा एवं उल्लासपूर्वक किया गया. इस अवसर पर विद्यालय परिसर में आध्यात्मिक वातावरण बना रहा. कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रार्थना सभागार में की गयी. यहां नए एवं पुराने विद्यार्थियों के साथ सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित थीं. विद्यालय के प्राचार्य घनश्याम कुमार सहाय ने स्वयं वैदिक हवन-यज्ञ में भाग लेकर कार्यक्रम का नेतृत्व किया. इस दौरान सभी नव-नामांकित एवं पूर्ववर्ती विद्यार्थियों पर पुष्प वर्षा कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया. विद्यालय परिवार द्वारा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सकारात्मक एवं प्रेरणादायक वातावरण प्रदान किया गया. प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि वैदिक परंपराओं के साथ सत्र की शुरुआत विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है. उन्होंने सभी विद्यार्थियों को नए सत्र के लिए शुभकामनाएँ दीं. कार्यक्रम का समापन प्रभात रंजन द्वारा मंगलकामना एवं आशीर्वचन के साथ किया गया.