लातेहार। जिला मुख्यालय समेंत जिले के अन्य प्रखंडों में 25 मार्च को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही लोक आस्था का पांच दिवसीय महान छठ पर्व निर्विघ्न संपन्न हो गया. बुधवार को छठ व्रतियों ने उदयीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद पारण किया और व्रत को संपन्न किया. शहर के चटनाही स्थित औरगा नदी मुख्य छठ घाट में काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य को अघ्य दिया. इससे पहले मंगलवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दी गयी थी. औरंगा नदी तट पर श्री सूर्यनारायण पूजा समिति, लातेहार के द्वारा छठ व्रतियों के लिए इस वर्ष भी कई सुविधायें दी गयी. अर्घ्य के लिए नि:शुल्क दूध की व्यवस्था की गयी थी. इसके अलावा तोरण द्वार व घाट पर लाईट व साउंड की व्यवस्था की गयी थी. नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह व उपाध्यक्ष संतोष रंजन ने भी औरंगा नदी छठ पहुंच कर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया और क्षेत्र के सुख व शांति की कामना की. शहर के गिजनियाटांड, पंपू कल, बानपुर व करकट आदि छठ घाटों में भी बुधवार को उदयीमान सूर्य को अर्घ्य दिया गया.