लातेहार। विश्व यक्ष्मा दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, लातेहार में स्वास्थ्य दूत सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इस मौके पर जिले में 100 दिवसीय टीबी अभियान की विधिवत शुरुआत की गई. कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता, सिविल सर्जन डॉ. राजमोहन खलखो, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. शोभना टोप्पो, डॉ. मार्शा टोपनो, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस एवं अन्य अधिकारियों ने स्कूली बच्चों के साथ दीप प्रज्वलित कर किया गया. इस अवसर पर जिले के सभी नौ प्रखंडों से चयनित पांच उत्कृष्ट विद्यालयों के कुल 90 “स्वास्थ्य आरोग्य दूतों” को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने स्वास्थ्य जागरूकता, टीबी मुक्त पंचायत, स्वच्छता एवं सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया. सिविल सर्जन ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम आयुष्मान भारत के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है. इसका उद्देश्य विद्यालय स्तर पर छात्रों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को सुदृढ़ करना है. यह योजना झारखंड के सभी 24 जिलों में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए लागू है तथा इसका संचालन स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के समन्वय से सेंटर फॉर कैटालाइजिंग चेंज के तकनीकी सहयोग से किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि टीबी मुक्त पंचायत अभियान के तहत जिले की 11 पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया जा चुका है। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे जन जागरूकता अभियान को और सशक्त बनाएं. ।कार्यक्रम में टीबी के लक्षण, बचाव एवं उपचार से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की गई तथा लोगों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराएं.