लातेहार। उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने सरहुल के मौके पर सरना समिति सह पड़हा के द्वारा आयोजित कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए हर एक लोग से अपने घर, आंगन या खेतों में एक-एक पेड़ अवश्य लगाने का संकल्प लेने की अपील की. उन्होने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपना भी योगदान देना हम सबों का दायित्व है.
मौके पर पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने कहा कि प्रकृति हमारी जीवन हे और हमें इसकी रक्षा करनी है. उन्होने कहा कि हालांकि हम जाने व अनजाने में ऐसे कई कार्य कर रहे हैं जिससे पर्यावरण व प्रकृति का हनन हो रहा है. इसका प्रभाव हमारे जीवन में भी पड़ रहा है. उन्होने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में आगेे आने की अपील की.
मौके पर पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम ने भी सरहुल पर्व की शुभकामनायें देते हुए कहा कि सरहुल प्रकृति का पर्व है. आदिवासी समय प्रारंभ से ही प्रकृति के साथ जुड़े हैं. जल, जंगल व जमीन की रक्षा करने में आदिवासियों का महत्वपूर्ण योगदान है. उन्होने कहा कि प्रकृति ने हमें बहुत कुछ दिया है, हमें उनका संरक्षण व संवर्द्धन करना है. उन्होने कहा कि जिस प्रकृति से हमारा जीवन है, उसकी रक्षा करने का दायित्व हम सबों का है.
कार्यक्रम की अध्यक्षता आयोजन समिति के अध्यक्ष पहलू उरांव ने की. जबकि मंच का सरना समिति के सचिव रंथु उरांव ने किया. इस मौके पर आईटीडीए निदेशक प्रवीण गगराई, डीआरडीए निदेशक प्रभात चौधरी, एसडीओ अजय कुमार रजक, उप निवार्चन पदा धिकारी मेरी मड़की, डीएसई गौतम साहू समेंत कई अधिकारी मौजूद थे.
उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक व पूर्व मंत्री समेंत अन्य अतिथियों ने मांदर बजा कर शोभा यात्रा का शुभारंभ किया. मौके पर सरना समिति के अध्यक्ष् बिरसा मुंडा, मोती उरांव, जिप सदस्य विनोद उरांव, रमेश उरांव, आर्सेन तिर्की, किसानी उरांव, देवनाथ उरांव, रिंकू कच्छप, इंद्रदेव उरांव, देव कुमार भगत, चमरू उरांव, जीतेंद्र उरांव, सर्वजीत उरांव, कृष्ण भगत, नागमणि, प्रेमसागर उरांव, धनेश्वर उरांव व सुरेंद्र उरांव समेंत समिति के कई सदस्य मौजूद थे. शोभा यात्रा आदिवासी बासाओड़ा से निकल कर शहर के मेन रोड होते हुए थाना चौक पहुंची और इसके बाद रेहड़ा स्थित मैदान पहुंची.