लातेहार। उपायुक्त संदीप कुमार ने पिछले दिनों जिले वासियों से गाजर घास ( पार्थेनियम हिस्टेरोफोरस) उन्मूलन की अपील की थी. इसका असर अब दिखने लगा है. उपायुक्त ने इस घास को मानव स्वास्थ्य और फसलों दोनों के लिए बेहद खतरनाक बताया. उन्होने बताया कि यह एक खरपतवार है जो तेजी से फैलती है. इसके संपर्क में आने से त्वचा रोग, दमा, एलर्जी और सांस की बीमारियां हो सकती हैं. यह फसलों की पैदावार को भी घटाती है. उपायुक्त के इस आह्वन पर शहर के बनवारी साहू महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय परिसर में पूरे एहतियात के साथ गाजर घास उन्मूलन कार्यक्रम चलाया. मौके पर प्राचार्य प्राचार्य प्रदीप कुमार तिवारी ने छात्रो को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि गाजर घास को मानसून से पहले नष्ट करना जरूरी है, क्योंकि बारिश में यह तेजी से बढ़ती है. उन्होने उपायुक्त के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि उपायुक्त महोदय ने एक महत्वपूर्ण पहल की है और इसका समाज पर सकारात्मक असर पड़ेगा. इस अवसर पर एनएसएस के कार्यक्रम पदाधिकारी नवल किशोर प्रसाद समेंत महाविद्यालय के कई छात्र व छात्रायें मौजूद थीं.